इटावा, 24 अक्टूबर 2026। इटावा स्थित एमनीव विज़न स्कूल में 4 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर के एडवांस्ड लीडरशिप कैंप (A.L.C.) का उत्साह और गौरव के साथ शुभारंभ हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर में उत्तर प्रदेश निदेशालय और दिल्ली निदेशालय के लगभग 300 एनसीसी कैडेट्स प्रतिभाग कर रहे हैं।

शिविर में आगरा, अलीगढ़, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज, बनारस-ए, बनारस-बी सहित दिल्ली से आए कैडेट्स शामिल हैं। शिविर के पहले दिन सभी कैडेट्स ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की।
नेतृत्व क्षमता और एसएसबी परीक्षा की तैयारी पर रहेगा जोर
शिविर के प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश ने बताया कि इस राष्ट्रीय नेतृत्व शिविर का मुख्य उद्देश्य एनसीसी कैडेट्स की नेतृत्व क्षमता को विकसित करना और उन्हें एसएसबी परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान करना है। शिविर के माध्यम से कैडेट्स में अनुशासन, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और नेतृत्व कौशल को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कैडेट्स की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर स्वागत डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। यहां से कैडेट्स को शिविर स्थल तक पहुंचाने और वापस ले जाने के लिए परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है।

राष्ट्रीय शिविर की मेजबानी पर विद्यालय प्रबंधन ने जताया गर्व
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन अतीवीर सिंह यादव एवं डॉ. विकास यादव ने संयुक्त रूप से अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि एमनीव विज़न स्कूल के लिए राष्ट्रीय स्तर के एनसीसी एडवांस्ड लीडरशिप कैंप की मेजबानी करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह शिविर युवाओं को अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रभक्ति, सेवा भावना और आत्मनिर्भरता के संस्कार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और ऐसे आयोजन युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने शिविर में शामिल सभी कैडेट्स का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विश्वास जताया कि यह राष्ट्रीय नेतृत्व शिविर युवाओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और देश सेवा की भावना का संचार करेगा।
