इटावा। माय भारत इटावा, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज, हेंवरा (सैफई) में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. आदेश कुमार, प्रो-कुलपति, सैफई मेडिकल कॉलेज द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में जनपद के कुल 51 युवाओं ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर तीन मिनट की निर्धारित समयावधि में अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण, युवाओं की जिम्मेदारी तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति की भूमिका पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार रखे।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. शैलेन्द्र शर्मा, प्राचार्य चौधरी चरण सिंह डिग्री कॉलेज, डॉ. राजीव चौहान, डॉ. राजीव राज, डॉ. प्रत्यूष तिवारी व संजय सक्सेना शामिल रहे।
प्रतियोगिता में अन्वेषा कुशवाह ने प्रथम, अर्जुन प्रकाश ने द्वितीय तथा इरम वारसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेता प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद के लिए किया गया है। राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित युवा संसद में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के अंतर्गत नई दिल्ली स्थित संसद भवन में प्रस्तावित है।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. नीरज कुमार, नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना, इटावा द्वारा किया गया। इस अवसर पर सोनिका चंद्रा, उपनिदेशक, माय भारत इटावा सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।
