इटावा। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सुदिति ग्लोबल एकेडमी ने एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। विद्यालय आगामी शैक्षिक सत्र 2027-28 से कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष इंटीग्रेटेड कोचिंग प्रोग्राम प्रारंभ करने जा रहा है। इस व्यवस्था के अंतर्गत विद्यार्थी नियमित स्कूली शिक्षा के साथ-साथ IIT-JEE, NEET, CUET एवं अन्य प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी विद्यालय परिसर में ही कर सकेंगे।

विद्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रबंध निदेशक श्री मयंक कुमार ने आगामी शैक्षिक योजना की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक शैक्षिक वातावरण में विद्यार्थियों को स्कूल की पढ़ाई के साथ अलग-अलग कोचिंग संस्थानों में जाने की आवश्यकता पड़ती है। इससे उनका समय और ऊर्जा दोनों प्रभावित होते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यालय ने एक ऐसी शैक्षिक व्यवस्था विकसित करने की योजना बनाई है, जिसमें विद्यार्थियों को स्कूली पाठ्यक्रम और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक ही स्थान पर समुचित मार्गदर्शन मिल सके।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की रुचि, योग्यता एवं भविष्य के लक्ष्य के अनुरूप उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का विकल्प दिया जाएगा। नियमित विद्यालय समय के उपरांत प्रतिदिन लगभग दो घंटे की अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इन कक्षाओं में देश के उच्च स्तरीय एवं अनुभवी प्रोफेसरों द्वारा विद्यार्थियों को विषयवार शिक्षण, प्रतियोगी परीक्षा की रणनीति तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

इस महत्वाकांक्षी शैक्षिक योजना को प्रभावी रूप से संचालित करने एवं इसकी शैक्षणिक रूपरेखा तैयार करने के लिए शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रशिक्षण के क्षेत्र से जुड़े अनुभवी विशेषज्ञों ने भी अपने विचार साझा किए। इनमें श्री प्रवीण कुमार, जो आकाश एजुकेशन में डायरेक्टर रहे हैं, स्पेशल एजुकेटर एवं इंजीनियर, स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से संबद्ध, इंजीनियर ए.के. चतुर्वेदी, डायरेक्टर प्रॉमिनेंस एकेडमी इटावा, सदस्य सैयद बसरत, सदस्य हिमांशु शर्मा तथा श्री सुशील चतुर्वेदी, जो एक्स-फिटजीआईआई से जुड़े रहे हैं, प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। साथ ही प्रॉमिनेंस एकेडमी, डायरेक्टर श्री एके चतुर्वेदी ने भी इस शैक्षिक पहल के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
उपस्थित विशेषज्ञों ने विद्यालय के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सही अध्ययन पद्धति, विषयों की गहन समझ एवं भविष्य के शैक्षिक अवसरों के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि इस इंटीग्रेटेड प्रोग्राम से विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास और विशेषज्ञ मार्गदर्शन के माध्यम से अपने शैक्षिक लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही अभिभावकों को भी अपने बच्चों की स्कूली शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अलग-अलग संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कमल कुमार ने उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों, शिक्षाविदों एवं पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया।
