इटावा। सर्वजन सुखाय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद यादव के नेतृत्व में गुरुवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शराबबंदी और क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित नौ सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। पार्टी ने मांगें पूरी न होने पर व्यापक जनआंदोलन की चेतावनी दी।

ज्ञापन में खाद और बीज की खरीद के लिए अनिवार्य की गई फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया समाप्त करने की मांग की गई। पार्टी ने कहा कि इस प्रक्रिया से किसान परेशान हैं। इसके साथ ही बाजार में बिक रही नकली खाद, बीज और कीटनाशक दवाओं के विक्रेताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई गई।
पार्टी ने सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारने की मांग करते हुए कहा कि कमजोर शैक्षणिक व्यवस्था का सबसे अधिक असर गरीब परिवारों के बच्चों पर पड़ रहा है। वहीं गांवों, गलियों और मोहल्लों में खुल रहे शराब के ठेकों को बंद कर उनकी जगह सरकारी विद्यालय खोले जाने की मांग की गई।

ज्ञापन में जौनपुर विश्वविद्यालय को मान्यता एवं सरकारी संरक्षण देने की मांग भी शामिल रही। पार्टी का कहना है कि मानकों के अनुसार विश्वविद्यालय का 70 से 80 प्रतिशत ढांचागत कार्य पूरा हो चुका है, इसके बावजूद मान्यता नहीं दी गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद यादव ने किसानों के लिए ₹20 हजार प्रतिमाह वृद्धावस्था पेंशन की मांग करते हुए कहा कि किसान भी देश के लिए दिन-रात मेहनत करने वाला अन्नदाता है और वृद्धावस्था में उसे आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए।
इसके अलावा नगर पालिका कर्मचारी स्व. राजीव यादव को आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, पीड़ित परिवार के आश्रित को सरकारी नौकरी तथा बकाया राशि का भुगतान कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में इटावा-यमुना रेत मार्ग बंद होने से सारंगपुरा, विक्रमपुर, पटेल नगर, जोहना, नगला हरजू और चौहान गांव के लोगों की आवाजाही प्रभावित होने का मुद्दा भी उठाया गया। ग्रामीणों की सुविधा के लिए रेलवे विभाग से अंडर रोड बनाने, सारंगपुरा में पूर्व प्रस्तावित रेलवे स्टेशन का निर्माण शुरू कराने तथा रेलवे ट्रैक के पास ट्रेन की चपेट में आने वाले बेसहारा गोवंशों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की गई।
शिवप्रसाद यादव ने कहा कि जनहित से जुड़ी इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो सर्वजन सुखाय पार्टी आंदोलन को और व्यापक करेगी। इस दौरान इटावा जिलाध्यक्ष विनय यादव सहित पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
