भारतीय जैन मिलन इटावा शाखा का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

इटावा। भारतीय जैन मिलन इटावा शाखा का शपथ ग्रहण समारोह लालपुरा स्थित जैन धर्मशाला में गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने समाजसेवा, संगठन की एकता तथा जैन सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करने की शपथ ली।

समारोह में आकाशदीप जैन को अध्यक्ष, मनोज जैन ‘निवेश गुरु’ को महामंत्री तथा रजत जैन को कोषाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई गई। इनके साथ शाखा के लगभग एक दर्जन नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी संगठन के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह के लिए बाहर से पधारे भारतीय जैन मिलन की क्षेत्रीय अध्यक्ष नीता जैन, क्षेत्रीय मंत्री अरविन्द जैन, क्षेत्रीय संयोजक शिवकांत जैन एवं वैभव जैन करहल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। अतिथियों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जैन मिलन समाज को संगठित करने, युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने तथा सेवा और परोपकार की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

नवनियुक्त अध्यक्ष आकाशदीप जैन ने कहा कि भारतीय जैन मिलन इटावा शाखा को सक्रिय एवं मजबूत बनाते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सेवा कार्यों, धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य जैन समाज की एकता, संस्कारों और सेवा भावना को और अधिक मजबूत करना है।

नवनियुक्त महामंत्री मनोज जैन ने कहा कि शाखा की गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित करते हुए अधिक से अधिक समाजबंधुओं को संगठन से जोड़ा जाएगा। कोषाध्यक्ष रजत जैन ने भी संगठन के प्रति पूरी निष्ठा से दायित्व निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर जैन समाज के अध्यक्ष संजू जैन ‘ठेकेदार’, मनोज जैन ‘कल्लू’, विकास जैन, राहुल जैन, महिला जैन मिलन की अध्यक्ष चन्द्रकान्ता जैन, महामंत्री लवली जैन, कोषाध्यक्ष संगीता जैन, बंटी बनारस, रिंकू जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त पदाधिकारियों को समाजबंधुओं ने शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *