जसवंतनगर के लिए गौरव का पल: स्थानीय युवा ऋषभ पाठक को बनाया गया टीम लीडर, सात सदस्यीय टीम संभालेगी अभियान की कमान

जसवंतनगर, संवाददाता। इटावा जिले को प्रदेश के चयनित सात जनपदों में शामिल करते हुए ‘टीबी मुक्त भारत’ पायलट प्रोजेक्ट के लिए चुना गया है। इस अभियान के तहत जसवंतनगर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत धरवार को पायलट प्रोजेक्ट के माध्यम से टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किए जाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। खास बात यह है कि इसी क्षेत्र के नगला तौर गांव निवासी ऋषभ पाठक को जिले से इस महत्वपूर्ण अभियान का टीम लीडर चुना गया है।
माय भारत की उपनिदेशक सोनिका चंद्रा के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के लिए ऋषभ पाठक ने टीबी अस्पताल इटावा में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक प्राप्त किया है। अब उनके नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम धरवार ग्राम पंचायत में टीबी उन्मूलन को लेकर जागरूकता, स्क्रीनिंग और जनभागीदारी बढ़ाने का कार्य करेगी।
टीम में द्वितीय टीम लीडर कुमारी नीरज के साथ टीम सदस्य अभिषेक, शिवेक कुमार, पीयूष पाठक, विनायक पाठक और आयुष कुमार शामिल हैं। टीम गांव में लोगों को टीबी के लक्षणों, जांच, उपचार और बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ ही अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगी।
युवाओं की पहल से टीबी पर होगी जीत
यह अभियान माय भारत इटावा, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा जिला टीबी अस्पताल इटावा के संयुक्त सहयोग से ‘यूथ लेड टीबी मुक्त अभियान’ के रूप में आयोजित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को टीबी उन्मूलन की मुहिम से जोड़कर गांवों में जागरूकता और जनभागीदारी को मजबूत करना है।
ऋषभ पाठक ने बताया कि टीम का प्रयास रहेगा कि ग्रामीणों को टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने के लिए प्रेरित किया जाए। समय से पहचान और पूरा उपचार मिलने पर टीबी को हराया जा सकता है।
जसवंतनगर के लिए गौरव
धरवार ग्राम पंचायत का इस पायलट प्रोजेक्ट के लिए चयन होना तहसील के लिए गौरव की बात है। इससे भी बड़ी उपलब्धि यह है कि स्थानीय गांव निवासी ऋषभ पाठक को पूरे जिले में अभियान का टीम लीडर चुना गया है। क्षेत्र के लोगों ने इसे युवाओं की क्षमता और सामाजिक भागीदारी का सम्मान बताया है।
“युवा कदम जब बदलाव की राह बनाते हैं,
अंधेरे गांवों में उम्मीद के दीप जलाते हैं।
टीबी को हराने का अब लिया है संकल्प,
जन-जन की भागीदारी से बनेगा भारत स्वस्थ और मजबूत।”
अभियान का संदेश है—
“युवाओं की पहल, टीबी पर जीत—भारत होगा टीबी मुक्त।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *