इटावा। जनपद में नैनो उर्वरकों के प्रति किसानों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 20 अगस्त 2026 को बिक्री केंद्र कार्मिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह ने की। उन्होंने नैनो उर्वरकों के प्रदर्शनों के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए। किसानों में नैनो उर्वरकों के प्रयोग के प्रति बढ़ते रुझान पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
जिला कृषि अधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित इफको के फुटकर विक्रेताओं को शासनादेश के अनुरूप किसानों को सुगम तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इफको कानपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक बी.के. निगम ने इफको नैनो उर्वरकों की प्रयोग विधि की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मिलने वाले लाभ और मृदा स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से नैनो उर्वरकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इन्हें अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों को नैनो उर्वरकों के प्रति जागरूक करना कृषि हित में महत्वपूर्ण कदम है।
विशिष्ट अतिथि आम सभा सदस्य, नई दिल्ली राहुल यादव ने किसानों की आय बढ़ाने में नैनो उर्वरकों की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इफको सदैव किसान हित में कार्य करता रहा है और कृषि के क्षेत्र में उपयोगी नवीनतम तकनीकों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहा है।
कार्यक्रम का संचालन इफको इटावा के क्षेत्र प्रबंधक सौरभ पाण्डेय ने किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में इफको एमसी क्रॉप साइन्स के नरेंद्र यादव, इफको बाजार इटावा के आशीष यादव एवं अनिल कुमार, आईएफएफडीसी के विक्रम सिंह एवं दीपक कुमार तथा इफको एसएफए के उमाशंकर यादव सहित जनपद के आईएफएफडीसी, एग्रीजंक्शन, इफको बाजार एवं अन्य फुटकर विक्रेताओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
