इटावा। वैदपुरा थाना क्षेत्र के इटावा-मैनपुरी रोड पर गुरुवार सुबह तिरुपति पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम खुटारा, थाना करहल (मैनपुरी) निवासी साहिल यादव (17) अपनी बहन नंदनी (20) को बीएससी की परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से इकदिल जा रहा था। सुबह करीब सात बजे पीछे से तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही वैदपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पुलिस वाहन से ही मेडिकल यूनिवर्सिटी सैफई के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया। उसके सिर में गहरी चोट आई थी और उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था। नंदनी के सिर व हाथ में चोटें हैं, जिनका उपचार जारी है। मृतक साहिल माता–पिता का इकलौता पुत्र था, जबकि पिता अहमदाबाद में नौकरी करते हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है, जबकि युवती का इलाज चल रहा है। हादसे का कारण बनी डीसीएम की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे पीडब्ल्यूडी की अनदेखी के कारण घनी झाड़ियां उग आई हैं, जिससे ओवरटेकिंग के दौरान दृश्यता कम हो जाती है और आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से तुरंत सफाई कराने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
डीसीएम की टक्कर से भाई की मौत,बहन गंभीर घायल
