सोशल मीडिया पर पूरी ताकत से सक्रिय रहें पदाधिकारी, किसानों की आवाज हर मंच तक पहुंचाना प्राथमिकता : बृजेश मिश्रा

कानपुर/इटावा। किसान एकता महासंघ के कानपुर मंडल अध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने संगठन की मजबूती और किसान हितों की रक्षा के लिए मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और निरंतर सक्रियता से ही किसानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है।

मंडल अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया संवाद और जनसंपर्क का प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में संगठन के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहते हुए किसानों की जमीनी समस्याओं, संगठन की गतिविधियों, अभियानों और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं, ताकि उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

उन्होंने पदाधिकारियों को संदेश देते हुए कहा कि संगठन केवल पद ग्रहण करने से मजबूत नहीं होता, बल्कि निरंतर सक्रियता और समर्पण से उसकी ताकत बढ़ती है। किसानों के अधिकारों की लड़ाई अब केवल सड़कों तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल मंचों पर भी संगठन की मजबूत उपस्थिति आवश्यक है। प्रत्येक पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सोशल मीडिया को संगठन की आवाज बुलंद करने का माध्यम बनाए।

बृजेश मिश्रा ने कहा कि जो कार्यकर्ता जमीन पर किसानों के बीच और डिजिटल पटल पर सक्रिय रहेगा, वही संगठन की वास्तविक ताकत बनेगा। उन्होंने समाज और किसानों के बेहतर भविष्य के लिए सभी कार्यकर्ताओं से निःस्वार्थ भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने निर्देश दिए कि मंडल के सभी पदाधिकारी संगठन के अभियानों एवं गतिविधियों के साथ-साथ किसानों की समस्याओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रमुखता से साझा करें। साथ ही गांव-गांव तक संगठन का विस्तार करने के लिए सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान और आपसी समन्वय बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *