भरथना,इटावा। भरथना नगर की यातायात व्यवस्था सुदृंढ करने के उद्देश्य से शासन की मंशानुसार निर्धारित तिथि पर सोमवार को प्रशासन ने भारी दल-बल के साथ अतिक्रमण अभियान की शुरूआत कर दी। जिसमें महाबली की सूंड ने जवाहर रोड,बालूगंज आदि में स्थायी-अस्थायी अतिक्रमण का सूपडा साफ कर दिया। उधर प्रशासन की अतिक्रमणकारियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही को देख अतिक्रमणकारियों में बुरी तरह हडकम्प मच गया और दुकान के बाहर व फुटपाथ पर रखा सामान समेटकर अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गयी।

शासन के निर्देशानुसार उपजिलाधिकारी काव्या सी,अधिशाषी अधिकारी सन्तोष कुमार मिश्रा,थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह आदि अधिकारियों की मौजूदगी में नगर की यातायात व्यवस्था व अतिक्रमणमुक्त करने के उद्देश्य से सोमवार को कस्बा के जवाहर रोड से अतिक्रमण हटाओ अभियान का महाबली बुलडोजर के सहयोग से शुरूआत की गई। जिसमें दुकानों के बाहर फुटपाथ पर रखे सामान को जब्त कर लिया गया। साथ ही नाली के ऊपर धूप-बरसात आदि से बचने के लिए छत पर लगे टिनशैड,लकडी के टर्टर को महाबली के सहयोग से सूपडा साफ कर दिया गया। वहीं जवाहर रोड स्थित बडी जामा मस्जिद की बनी दुकानों के बाहर फुटपाथ पर मोटर साइकिल मरम्मत व सामान विक्रेताओें का सामान बलपूर्वक हटवा दिया गया। जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों का रूख सबसे व्यस्ततम मार्ग बालूगंज पानी की टंकी की ओर हो गया। जहाँ नगर पालिका कर्मचारियों और महाबली बुलडोजर के सहयोग से सडक व फुटपाथ पर रखे सामान को जब्त करते हुए टिनशैड, टर्टर आदि को महाबली ने हटा दिया। प्रशासन की इस कठोर कार्यवाही को देखते हुए स्थायी-अस्थायी अतिक्रमणकारियों में अपना-अपना सामान समेटने के लिए बुरी तरह भगदड मची रही।
व्यापारियों ने पक्षपात का लगाया आरोप
भरथना नगर पालिका परिषद के अनवरगंज, जवाहर रोड वार्ड सभासद निहालुद्दीन व बृजराज नगर निवासी समाजसेवी रामऔतार गुप्ता आदि ने प्रशासन पर पक्षपात का गम्भीर आरोप लगाते हुए बताया कि नगर पालिका में तैंनात कुछ कर्मचारियों के इशारे पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत जमकर पक्षपात किया है। जिसमें बालूगंज स्थित प्रभावती गेस्ट हाउस वाली गली मोड के समीप फुटपाथ पर संचालित स्थायी लकडी के खोखा दुकानों व कई प्रतिष्ठित दुकानदारों के बाहर लगे टिनशैड आदि छोडकर गरीब,मजबूर, असहाय लोगों का अतिक्रमण बलपूर्वक हटाया गया है। जबकि प्रभावशाली व किसी बडी सिफारिश पर तमाम लोगों को अतिक्रमण की चपेट से जान बूझकर बचाया गया है।
अभियान का विराम लगते ही फुटपाथ पर फिर फैला व्यापार
शासन की मंशानुसार स्थानीय प्रशासन द्वारा सोमवार को पहले दिन अतिक्रमण अभियान का जैसे ही शुभारम्भ हुआ,इस बीच दुकान के बाहर फुटपाथों पर स्थायी- अस्थायी अतिक्रमण कर व्यापार कर रहे अतिक्रमणकारियों में भले ही कुछ देर के लिए हडकम्प के साथ भगदड मची हो, लेकिन दोपहर बाद प्रशासनिक अमले के साथ अतिक्रमण अभियान में जैसे ही विराम लगा, इसी बीच बालूगंज स्थित ज्यादातर अतिक्रमणकारियों ने प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए दुकानों के बाहर अपना व्यापार ज्यों की त्यों पसार लिया। जिसके कारण बालूगंज पुनः अतिक्रमणकारियों की चपेट में आ गया।
