बकेवर (इटावा)। जनपद इटावा के थाना बकेवर क्षेत्र स्थित ग्राम गंगदासपुर में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने थाना बकेवर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गंगदासपुर निवासी रामनरेश पुत्र हरगोविंद तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 16 जुलाई 2026 की रात वह अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रहे थे। सुबह 17 जुलाई को जब वह नीचे कमरे में पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो घर में रखा कीमती सामान गायब था।

पीड़ित के अनुसार अज्ञात चोर घर से करीब ढाई तोले की दो सोने की चूड़ियां, ढाई तोले की सोने की चेन, एक तोले की सोने की अंगूठी, लगभग 615 ग्राम चांदी के जेवर, कान के झाले, टॉप्स, मंगलसूत्र, तोड़िया, करीब 100 ग्राम की पायल, लगभग 250 ग्राम अन्य चांदी के आभूषण तथा 26 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पीड़ित ने थाना बकेवर पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मुकदमा दर्ज कर शीघ्र खुलासे की मांग की है।
पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले तथ्यों और आसपास की जानकारी के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
