बसरेहर ब्लॉक में लगा अदिति आई हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, 93 मरीजों की हुई जांच

इटावा। जनपद के बसरेहर ब्लॉक परिसर में शनिवार को अदिति आई हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क संपूर्ण नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ एडीओ दिनेश कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर लेखाकार संजय सक्सेना एवं कनिष्ठ सहायक सोहित यादव भी मौजूद रहे। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई।
शिविर के दौरान 93 मरीजों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया, जिनमें 20 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। सभी मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।


शिविर में डॉ. दीपा गौर, रचना शुक्ला, अवनीश यादव, शिवम कुशवाहा एवं उनकी टीम ने मरीजों की जांच की। डॉ. दीपा गौर ने बताया कि अधिकांश मरीज मोतियाबिंद, आंखों में जलन, खुजली तथा आंखों से पानी आने जैसी समस्याओं से पीड़ित मिले। जांच के उपरांत सभी मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं और आंखों की देखभाल संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।


उन्होंने लोगों से अपील की कि आंखों को कभी भी गंदे हाथों से न छुएं और न ही खुजलाएं, क्योंकि इससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। बरसात के मौसम में सामान्य चश्मे का उपयोग करने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि इससे धूल, कीड़े-मकोड़ों और अन्य बाहरी तत्वों से आंखों की सुरक्षा की जा सकती है।
शिविर में पहुंचे मरीजों ने निःशुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अदिति आई हॉस्पिटल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *