इटावा।इटावा पुलिस की एसओजी/सर्विलांस टीम को साहस, त्वरित कार्रवाई और उत्कृष्ट टीम वर्क के लिए प्रदेश स्तर पर सम्मान मिला है। थाना इकदिल क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना के वांछित अभियुक्तों के खिलाफ की गई साहसिक कार्रवाई के लिए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उत्तर प्रदेश ने पूरी टीम को 50,000 रुपए के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। वहीं, अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानपुर जोन ने भी टीम को सम्मानित किए जाने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को थाना इकदिल क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना के वांछित अभियुक्त अंकित उर्फ सीपू तथा लूट के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर सुमित यादव उर्फ विवेक के झारखंड भागने की सूचना मिलने पर एसओजी टीम ने तत्काल उनका पीछा किया।
शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर दोनों बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें एसओजी के दो आरक्षी डेविड चौहान और पुष्पेन्द्र चौधरी घायल हो गए। इसके बावजूद पुलिस टीम ने साहस का परिचय देते हुए पीछा जारी रखा।
भागते समय बदमाशों ने एक राहगीर से मोटरसाइकिल लूट ली और पास के एक प्राथमिक विद्यालय से एक मासूम बच्चे को बंधक बनाकर उसकी आड़ में पुलिस पर फायरिंग की। अत्यंत जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में एसओजी टीम ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए बच्चे को सकुशल मुक्त कराया तथा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया।
मुठभेड़ के दौरान घायल हुए दोनों पुलिसकर्मी वर्तमान में उपचाराधीन हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों मृत अभियुक्तों के शवों का नियमानुसार मजिस्ट्रेट की निगरानी में पंचायतनामा, वीडियोग्राफी एवं चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिनका अंतिम संस्कार भी हो चुका है।
इटावा पुलिस ने कहा कि जनसामान्य की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संगठित अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगी।
एसओजी/सर्विलांस टीम के शौर्य को मिला बड़ा सम्मान, डीजीपी ने ₹50 हजार का पुरस्कार, एडीजी ने भी सम्मानित करने की घोषणा
