मतदेय स्थलों के संभाजन व बूथ संशोधन प्रस्ताव पर कलेक्ट्रेट में बैठक, सांसद जितेंद्र दोहरे सहित जनप्रतिनिधियों ने रखे सुझाव

इटावा, 18 जुलाई 2026। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में मतदेय स्थलों के संभाजन एवं बूथ संशोधन के प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।


बैठक में इटावा लोकसभा क्षेत्र के सांसद जितेंद्र दोहरे, भरथना विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ‘बबलू’, उदयभान सिंह यादव, आशीष राजपूत, भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी एवं आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि भी बैठक में उपस्थित रहे।


बैठक के दौरान 10 जुलाई 2026 तक प्राप्त मतदेय स्थलों के संभाजन एवं बूथ संशोधन संबंधी शिकायतों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा की गई जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए और उपस्थित जनप्रतिनिधियों व राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को पढ़कर सुनाए गए।
चर्चा के दौरान कुछ प्रस्तावों पर आपत्तियां दर्ज कराई गईं। इस पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित मामलों की पुनः जांच कराने के निर्देश दिए और कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही मतदेय स्थलों के संभाजन एवं बूथ संशोधन प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में सांसद जितेंद्र दोहरे, सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ‘बबलू’, विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *