इटावा। पान कुँवर इंटरनेशनल स्कूल में बोर्ड परीक्षा में शामिल होने जा रहे विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से तिलक लगाकर शुभकामनाओं के साथ परीक्षा केंद्र के लिए रवाना किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ कैलाश चंद्र यादव एवं प्रधानाचार्य अरविंद कुमार तोमर ने सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आत्मविश्वास, धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के मस्तक पर तिलक लगाकर उनके आत्मबल को बढ़ाया गया तथा सफलता का आशीर्वाद दिया गया।
विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव देते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास और एकाग्रता के साथ प्रश्नपत्र हल करें।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि छात्र-छात्राएं अपनी मेहनत और लगन के बल पर उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर विद्यालय एवं अपने अभिभावकों का नाम रोशन करेंगे।
बोर्ड परीक्षार्थियों को तिलक लगाकर दी गईं शुभकामनाएं
