इटावा। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत शासन के निर्देशानुसार जिला महिला चिकित्सालय, इटावा में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन जिला एवं सत्र न्यायाधीश रजत सिंह जैन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान नवजात कन्याओं के जन्म पर केक काटकर उत्सव मनाया गया। इसके उपरांत जनपद न्यायाधीश के करकमलों द्वारा जिला महिला चिकित्सालय में जन्मी 19 नवजात कन्याओं को बेबी किट एवं उनके जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही धात्री माताओं बबली कुमारी, कु. सोनी, स्नेहप्रभा, कु. प्रभा देवी, नेहा, रजनी प्रजापति आदि को ड्राईफ्रूट भेंट कर सम्मानित किया गया।
माननीय न्यायाधीश ने नवजात कन्याओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया तथा माताओं को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर आर्थिक सशक्तीकरण के माध्यम से नारी सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से सुकन्या समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, जननी सुरक्षा योजना तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत प्रथम श्रेणी में बेटी के जन्म पर ₹5000, द्वितीय श्रेणी में एक वर्ष तक का टीकाकरण पूर्ण होने पर ₹2000, तृतीय श्रेणी में कक्षा 1 में प्रवेश पर ₹3000, चतुर्थ श्रेणी में कक्षा 6 में प्रवेश पर ₹3000, पंचम श्रेणी में कक्षा 9 में प्रवेश पर ₹5000 तथा षष्ठम श्रेणी में 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण कर दो वर्षीय या अधिक अवधि के डिप्लोमा अथवा स्नातक में प्रवेश पर ₹7000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार ने उपस्थित माताओं एवं परिजनों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया तथा विभागीय पेम्पलेट वितरित किए।
कार्यक्रम में डॉ. अनिल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (महिला), डॉ. यश्मिता सिंह, जिला प्रोबेशन कार्यालय एवं जिला महिला चिकित्सालय का समस्त स्टाफ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत 19 नवजात कन्याओं को बेबी किट एवं उनके जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए
