महिला दिवस पर तुलसी शाखा ने आयोजित की महिला गोष्ठी व होली मिलन, नए पदाधिकारियों का हुआ चयन

इटावा। भारत विकास परिषद इटावा की तुलसी शाखा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला गोष्ठी एवं होली मिलन समारोह का आयोजन उत्सव के रूप में किया गया। इस दौरान आगामी वर्ष के लिए शाखा के नवीन पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन भी किया गया।
महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन विषय पर आधारित यह गोष्ठी तुलसी सदस्य शशि दीक्षित के अलकापुरी स्थित आवास पर हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद की प्रांतीय महिला संयोजिका स्नेहलता उमराव और शाखा अध्यक्ष डॉ. कैलाश चन्द्र यादव द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदेमातरम गीत के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि स्नेहलता उमराव ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। आगे बढ़ने के लिए महिलाओं का शिक्षित होना और परिवार का सहयोग मिलना अत्यंत आवश्यक है। बालिकाओं की शिक्षा उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए बेहद जरूरी है तथा युवा पीढ़ी को संस्कारित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।
नीलिमा चौधरी ने कहा कि आज की नारी अबला नहीं बल्कि सबला है। मातृशक्ति के उत्थान और उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देना हमारा दायित्व है। वहीं डॉ. कैलाश चन्द्र यादव ने कहा कि हर स्त्री में देवी का वास होता है। जब वह शिक्षा, संस्कार और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती है, तब वह शक्ति स्वरूपा बन जाती है।
वरिष्ठ सदस्य प्रीतम खन्ना ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा के लिए बेटियों के साथ-साथ बेटों को भी संस्कारित करना जरूरी है। पूर्ण संस्कारित समाज में मातृशक्ति को स्वतः ही सम्मान मिल जाता है।
कार्यक्रम संयोजक शशि दीक्षित ने नारी सशक्तिकरण पर आधारित एक प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
इसके पश्चात तुलसी शाखा की वार्षिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से आगामी वर्ष के लिए पदाधिकारियों का चयन किया गया। इसमें डॉ. कैलाश चन्द्र यादव को अध्यक्ष, डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता को सचिव तथा श्रीमती मौसमी पाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही शमीम बेगम को उपाध्यक्ष और शशि दीक्षित को सह सचिव के रूप में मनोनीत किया गया। बैठक में इस माह के अंत तक सभी सदस्यों की सदस्यता एकत्रित करने के लिए टीम गठित करने और दायित्व ग्रहण समारोह आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने फाग गीतों के साथ होली मिलन समारोह मनाया और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अनीता वर्मा, मंजू सिंह, आशा अग्निहोत्री, रंजना तिवारी, संगीता सिंह, रामदुलारी, नीता तिवारी, नीलिमा चौधरी, शमीम बेगम, मौसमी पाल, शशि दीक्षित, अंजू चौधरी, पंकज कुमार सिंह चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *