इटावा। मिशन रोजगार के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर इटावा द्वारा बेरोजगार युवाओं के लिए वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला 18 मार्च 2026 बुधवार को सुबह 9 बजे से नुमाइश पंडाल, इटावा में आयोजित होगा।
मेले में आठवीं पास, आईटीआई,हाईस्कूल, इंटरमीडिएट,स्नातक, परास्नातक एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। एक दिवसीय इस मेले में लगभग 50 प्रतिष्ठित कंपनियां और नियोजक प्रतिभाग करेंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा,हालांकि मेले में पहुंचने के बाद भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
रोजगार मेले में प्रमोकाश आउटसोर्स प्रा.लि.,रेजोन सोलर,ब्लिंकिट,वर्धमान टेक्सटाइल,केविन केयर प्रा.लि.,क्वेस कॉर्प, कुलदीप मोटर्स,राजेन्द्र ऑटोमोबाइल्स (ह्युंदई व महिंद्रा),उकावा इलेक्ट्रिक व्हीकल,बजाज कैपिटल, फोन-पे,बजाज लाइफ और एसबीआई लाइफ समेत कई कंपनियां भाग लेंगी।
मेले में ट्रेनी,मशीन ऑपरेटर,प्रोडक्शन ट्रेनी, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव,सेल्स एग्जीक्यूटिव,पिकर/पैकर, सिक्योरिटी गार्ड,किचन हेल्पर,टेक्नीशियन, टेलीसेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर,हेल्पर और सुपरवाइजर सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों को इटावा सहित उत्तर प्रदेश, हरियाणा,गुजरात, राजस्थान,उत्तराखंड, पंजाब,महाराष्ट्र और दिल्ली-एनसीआर में रोजगार के अवसर मिलेंगे। जिला सेवायोजन अधिकारी विकास मिश्रा ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने बायोडाटा, शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति और आधार कार्ड के साथ रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। यह रोजगार मेला पूरी तरह निशुल्क रहेगा।
