इटावा,।जनपद में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस एजेंसियों को होम डिलीवरी व्यवस्था को सख्ती से लागू करने और ई-केवाईसी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
होम डिलीवरी से ही होगा गैस वितरण
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में गैस सिलेंडरों का वितरण केवल होम डिलीवरी के माध्यम से किया जाए तथा गोदामों से सीधे सिलेंडर वितरण की व्यवस्था पूरी तरह बंद रखी जाए। उन्होंने कहा कि वितरण के दौरान सीरियल नंबर का कड़ाई से पालन किया जाए और जिन उपभोक्ताओं को उनके दिए गए पते पर नहीं पाया जाता है, उन्हें सूची से हटाया जाए।
सिलेंडर की कमी नहीं,बढ़ी मांग से आई दिक्कत
डीएम ने कहा कि जनपद में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। अचानक मांग बढ़ने के कारण कुछ व्यावहारिक समस्याएं सामने आई हैं, जिन्हें अतिरिक्त मैनपावर लगाकर जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बुकिंग और वितरण की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी रखी जाए।
उपभोक्ताओं से केवल निर्धारित शुल्क ही लिया जाए
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं से केवल निर्धारित शुल्क ही लें। यदि अतिरिक्त वसूली की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
25 दिन बाद ही होगी अगली बुकिंग
जिलाधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर कोई रोक नहीं है, लेकिन एक सिलेंडर मिलने के 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग मान्य होगी। साथ ही जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी तक नहीं हुई है, उन्हें जल्द यह प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कहा गया है ताकि बुकिंग में किसी प्रकार की समस्या न आए।
शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए और वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि यह स्पष्ट रहे कि कितनी बुकिंग हुई और कितने उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया गया।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी सहित गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
