इटावा। अर्चना मेमोरियल एस.जी.एम. इंटर कॉलेज का वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. आनंद, विशिष्ट अतिथि डॉ. विकास यादव तथा विद्यालय के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। विद्यार्थियों ने देशभक्ति नृत्य के माध्यम से पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। वहीं ‘महाभारत’ के प्रसंगों पर आधारित सजीव मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत मटकी डांस ने अपनी मासूमियत से सभी का दिल जीत लिया।

शिक्षा के साथ-साथ छात्रों ने अपनी शारीरिक दक्षता का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मार्शल आर्ट के हैरतअंगेज प्रदर्शन में आत्मरक्षा की तकनीकों और साहसिक करतबों ने उपस्थित अतिथियों को प्रभावित किया, जिन्होंने विद्यार्थियों की जमकर सराहना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या असरा अहमद ने अपने संबोधन में विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्थान के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि कई छात्रों का चयन IIT JEE (Main एवं Advanced), NEET तथा PCS जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में हुआ है।

प्रधानाचार्या ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। ग्रामीण और अर्ध-शहरी परिवेश से निकलकर इन ऊंचाइयों को प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती।

मुख्य अतिथि डॉ. आनंद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने छात्रों को निरंतर अभ्यास, तर्कशक्ति के विकास और तकनीक के सही उपयोग की सलाह दी। साथ ही चयनित विद्यार्थियों को अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।

विद्यालय के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव ने अभिभावकों से कहा कि बच्चों की सफलता में स्कूल और परिवार दोनों की समान भूमिका होती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की रुचि को समझने और उन पर अनावश्यक दबाव न डालने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षा जगत की कई प्रमुख हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें डॉ. प्रीति यादव, नीलम आनंद, भावना सिंह, रितु यादव और सोनम सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
अंत में प्रधानाचार्या असरा अहमद ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद फैजान ने कुशलतापूर्वक किया।

