गौशाला में कंकाल का वीडियो वायरल होते ही प्रशासन में मचा हड़कंप

भरथना,इटावा। भरथना ब्लॉक क्षेत्र की उमरसेंडा गौशाला उसरा में बनी होने के चलते बदहाल स्थिति में है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर शुक्रवार को वायरल होने के बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। वायरल वीडियो में गौशाला के अंदर एक गौवंश का कंकाल और कुछ दूरी पर दूसरी मृत गाय पड़ी दिखाई दे रही है, जिसकी आंखें नोंची हुई बताई जा रही हैं। साथ ही, गौवंशों की दयनीय स्थिति भी साफ नजर आई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को स्थानीय ग्रामीण दिनेश द्वारा बनाया गया वीडियो सामने आया, जिसमें गौशाला में चारे और पानी की कमी की स्थिति उजागर हुई। वीडियो में मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि पिछले करीब तीन दिनों से चारा समाप्त हो गया था, जिससे गौवंशों को पर्याप्त भोजन नहीं मिल पा रहा था।

वीडियो वायरल होते ही अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने मामले का संज्ञान लेते हुए खंड विकास अधिकारी विजय शंकर प्रसाद को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

शनिवार दोपहर जब मीडिया टीम मौके पर पहुंची तो कुछ हद तक सुधार मिले,मृत गौवंशों का अंतिम संस्कार,साफ सफाई,पेयजल की व्यवस्था की गई। लेकिन गौशाला का मुख्य गेट बंद मिला। करीब दो घंटे तक इंतजार के बावजूद कोई केयरटेकर या जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा,जिससे अंदर की स्थिति का पूरी तरह आकलन नहीं हो सका। बाहर से देखने पर गौवंश भीषण गर्मी में इधर-उधर बैठे नजर आए, कई छांव की तलाश में थे। नांदों में सूखा भूसा पड़ा था,जिसमें दाने की कमी साफ दिखाई दी,जबकि कुछ गौवंश जमीन पर बिखरे सूखे भूसे को खाते दिखे।

इस संबंध में एडीओ बाबू सिंह से दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि फिलहाल व्यवस्थाओं में सुधार कराया गया है। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस में व्यस्तता के चलते वह स्वयं मौके पर नहीं पहुंच सके,लेकिन बीडीओ द्वारा रिपोर्ट तलब की गई है। गौशाला में ताला बंद होने और केयरटेकर की अनुपस्थिति के संबंध में उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी बीडीओ स्तर से दी जाएगी।

एडीओ ने आश्वासन दिया कि आगे से शिकायत का मौका नहीं दिया जायेगा । गौशाला में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। हालांकि,पूरे प्रकरण ने गौशालाओं के संचालन और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *