इटावा। जनपद में ब्राह्मण समाज के लोगों को कथित रूप से निशाना बनाए जाने और उनके साथ हो रही घटनाओं के विरोध में ब्राह्मण समाज महासभा संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव से मुलाकात कर विभिन्न मामलों में आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार दुबे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि थाना बकेवर क्षेत्र में पांडे परिवार के साथ हुई मारपीट की घटना को पांच माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है और न ही गिरफ्तारी की गई है। संगठन ने मामले में शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में इटावा कचहरी परिसर में एक दिन पूर्व हुई गंभीर घटना का भी उल्लेख किया गया। संगठन के अनुसार संविदा कर्मी आशीष बाजपेई के साथ एक दर्जन से अधिक लोगों ने मारपीट की तथा उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया। इस मामले को गंभीर बताते हुए आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
इसके अतिरिक्त बकेबर के महेवा की युवती रिचा तिवारी से जुड़े प्रकरण को भी उठाया गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर युवक सुघर सिंह द्वारा लंबे समय से अभद्र टिप्पणियां और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय नहीं मिला तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा। वहीं एसएसपी ने सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ब्राह्मण समाज महासभा ने एसएसपी से की मुलाकात, आशीष बाजपेई के साथ मारपीट सहित विभिन्न मामलों में कार्रवाई व गिरफ्तारी की मांग
