इटावा। 4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा के तत्वावधान में स्थानीय एमनीव विज़न स्कूल में आयोजित एडवांस्ड लीडरशिप कैंप में उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली निदेशालय के लगभग 300 एनसीसी कैडेट्स उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं। इस राष्ट्रीय स्तर के नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर में उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज, एवं वाराणसी सहित दिल्ली निदेशालय के कैडेट्स भी शामिल हैं। शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता, व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश ने बताया कि इस एडवांस्ड लीडरशिप कैंप के दौरान कैडेट्स को नेतृत्व कौशल के साथ-साथ सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेट्स को भारतीय सेना में अधिकारी बनने के अवसरों, चयन प्रक्रिया तथा सैन्य सेवाओं में आवश्यक गुणों और योग्यताओं से परिचित कराना है, ताकि वे भविष्य में सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी के रूप में अपना करियर बना सकें।

शिविर में विभिन्न प्रतिष्ठित प्रशिक्षण संस्थानों से आए अनुभवी प्रशिक्षकों एवं वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों द्वारा कैडेट्स को मार्गदर्शन दिया जा रहा है। सेंचुरियन अकादमी, लखनऊ से आदित्य दुबे एवं उनकी टीम ने कैडेट्स को एसएसबी की तैयारी, व्यक्तित्व विकास और चयन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की ।
इसके अतिरिक्त एनसीसी निदेशालय, उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी कर्नल मनु तिवारी (सेना मेडल), कर्नल निशांत बरियार एवं लेफ्टिनेंट कर्नल अंकित प्रकाश द्वारा भी उच्चस्तरीय प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इन अधिकारियों ने कैडेट्स को भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त करने के विभिन्न अवसरों, एसएसबी चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, आवश्यक शारीरिक एवं मानसिक क्षमताओं, अनुशासन, नेतृत्व कौशल तथा सामरिक दृष्टिकोण के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही उन्होंने कैडेट्स को सेना में अधिकारी बनने के लिए निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, द फ्लाइंग एज अकादमी, इंदौर से अंकित पाल सिंह भी शिविर में कैडेट्स को विशेष प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। उनके प्रशिक्षण से मार्गदर्शन प्राप्त कर चुके अनेक युवा भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके द्वारा कैडेट्स को एसएसबी की व्यावहारिक तैयारी, व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं और चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक गुणों की जानकारी दी जा रही है।
इसी क्रम में आगरा से पहुंचे ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) विनोद दत्ता भी अपने दीर्घ सैन्य अनुभव के माध्यम से कैडेट्स का मार्गदर्शन कर रहे हैं। वे अपने सैन्य जीवन के अनुभवों, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने की योग्यता और लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक समर्पण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को कैडेट्स के साथ साझा कर रहे हैं। उनका मार्गदर्शन कैडेट्स को न केवल सैन्य सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में चुनौतियों का सामना करने और सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा भी दे रहा है।
शिविर में आयोजित प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से कैडेट्स को यह समझने का अवसर मिल रहा है कि भारतीय सेना में अधिकारी बनने के लिए केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, प्रभावी संवाद, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी का निर्वहन, मानसिक दृढ़ता एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण जैसे गुण भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
यह एडवांस्ड लीडरशिप कैंप एनसीसी कैडेट्स के लिए अपने अनुभवों को बढ़ाने, विभिन्न निदेशालयों के कैडेट्स के साथ विचारों का आदान-प्रदान करने तथा अनुभवी सैन्य अधिकारियों से सीधे मार्गदर्शन प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो रहा है। शिविर के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रसेवा, सैन्य अनुशासन और नेतृत्व की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें भारतीय सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनकर देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
