36 घंटे में चोरी का खुलासा, सर्राफा दुकान से अंगूठी चुराने वाला गिरफ्तार

इटावा, 04 अप्रैल 2026। इटावा पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए चोरी की एक घटना का मात्र 36 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया। थाना भरथना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी की दुकान से अंगूठियां चोरी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई 10 सोने की अंगूठियां, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 02 अप्रैल 2026 को भरथना थाना क्षेत्र के महावीर नगर निवासी सचिन कुमार वर्मा ने तहरीर देकर बताया था कि बजाजा लाइन स्थित उनकी सर्राफा दुकान से एक अज्ञात युवक अंगूठी देखने के बहाने करीब 23 ग्राम सोने की अंगूठियां चोरी कर ले गया। इस पर थाना भरथना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 04 अप्रैल को नगला डरू तिराहे से आरोपी मदन मोहन पुत्र जीवन सिंह निवासी नगला आशाराम, थाना भरथना को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की सभी 10 सोने की अंगूठियां (करीब 23 ग्राम), एक अवैध तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह व उपनिरीक्षक तन्मय चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *