जनपद इटावा में भीषण लू को लेकर रेड अलर्ट जारी

इटावा। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केन्द्र लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित पूर्वानुमान एवं चेतावनी तथा सचेत ऐप से प्राप्त सूचना के अनुसार दिनांक 19 मई 2026 से आगामी 24 घंटों के दौरान जनपद इटावा एवं आसपास के क्षेत्रों में उष्ण लहर (लू) से भीषण उष्ण लहर (Severe Heat Wave) चलने की अत्यधिक संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग द्वारा जनपद के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि भीषण गर्मी एवं लू से बचाव हेतु विशेष सतर्कता बरतें तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
संभावित प्रभाव
सभी आयु वर्ग के लोगों में हीट स्ट्रोक, हीट रैश एवं लू लगने की संभावना बढ़ सकती है।
खेतों, निर्माण कार्यों एवं खुले स्थानों पर कार्य करने वाले श्रमिकों, किसानों एवं मजदूरों में डिहाइड्रेशन एवं लू लगने का खतरा अधिक रहेगा।
पशुधन एवं फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
क्या करें (DO’s)
पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस, नींबू पानी, लस्सी एवं छाछ आदि तरल पदार्थों का सेवन करें।
हल्के रंग के ढीले एवं सूती कपड़े पहनें।
धूप में निकलते समय सिर को टोपी, गमछा या छाते से ढककर रखें।
दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।
बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।
पशुओं को छायादार स्थान पर रखें एवं पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं।
खेतों में नमी बनाए रखने हेतु हल्की सिंचाई करें।
क्या न करें (DON’Ts)
खाली पेट अथवा बिना पानी पिए धूप में बाहर न निकलें।
अत्यधिक गर्म वातावरण में कठिन शारीरिक श्रम न करें।
बंद वाहनों में बच्चों या पशुओं को अकेला न छोड़ें।
अत्यधिक चाय, कॉफी अथवा मादक पदार्थों का सेवन न करें।
धूप से आने के तुरंत बाद अत्यधिक ठंडा पानी न पिएं।
जनपद के समस्त विभागों को आवश्यक सतर्कता एवं त्वरित राहत व्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में निकटतम स्वास्थ्य केंद्र अथवा जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05688-250077, 05688-297204 एवं टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *