इटावा। सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों के आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण के उद्देश्य से “समाधान समारोह–2026” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा के अध्यक्ष श्री रजत सिंह जैन ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर शीघ्र निस्तारण कराना है, जिनका समाधान समझौते के माध्यम से संभव है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा की सचिव श्रीमती आरती द्विवेदी ने बताया कि अभियान के तहत पात्र मामलों में पूर्व-सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों की सहायता से पक्षकारों के बीच समझौते का प्रयास किया जाएगा। पक्षकार इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से अथवा वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं।
अध्यक्ष श्री रजत सिंह जैन एवं सचिव श्रीमती आरती द्विवेदी ने जनपद के अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी करें तथा आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान कर विशेष लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि अभियान से संबंधित अधिक जानकारी एवं आवश्यक सहायता के लिए इच्छुक व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
