इटावा के एडिशनल एसपी अभय नाथ त्रिपाठी बने आईपीएस, उत्कृष्ट सेवा का मिला सम्मान

इटावा। उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा (PPS) के वरिष्ठ अधिकारी एवं इटावा में तैनात एडिशनल एसपी अभय नाथ त्रिपाठी को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति मिल गई है। उनकी इस उपलब्धि से पुलिस विभाग और जनपदवासियों में खुशी का माहौल है। शांत स्वभाव, निष्पक्ष कार्यशैली और जनसरोकारों से जुड़ी पुलिसिंग के लिए पहचान रखने वाले अभय नाथ त्रिपाठी अब आईपीएस अधिकारी के रूप में नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।
वर्ष 2000 बैच के पीपीएस अधिकारी अभय नाथ त्रिपाठी ने अपने सेवा काल में कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिलों में प्रभावी सेवाएं दी हैं। वर्ष 2014 से 2016 के दौरान लखनऊ में महानगर, चौक, मलिहाबाद और कैसरबाग जैसे संवेदनशील सर्किलों का नेतृत्व करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई उल्लेखनीय पहल कीं।
कैसरबाग में सांप्रदायिक तनाव के बाद उन्होंने जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग मॉडल लागू किया। इसके तहत हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों की संयुक्त टीमें बनाकर छोटे विवादों का स्थानीय स्तर पर समाधान, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी तथा पुलिस को समय पर सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित की, जिससे क्षेत्र में शांति और आपसी विश्वास को मजबूती मिली।
महानगर सर्किल में तैनाती के दौरान उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में बढ़ रही अराजक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया। छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन से नियमित संवाद तथा लगातार भ्रमण के माध्यम से परिसर में अनुशासन और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभय नाथ त्रिपाठी गोरखपुर, हरदोई, सोनभद्र, बस्ती, रायबरेली और लखनऊ सहित कई जनपदों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने एसपी टेक्निकल, यूपी-112 तथा डीजीपी उत्तर प्रदेश के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) के रूप में भी उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं।
वर्तमान में इटावा में एडिशनल एसपी के रूप में तैनात अभय नाथ त्रिपाठी अपनी सरल कार्यशैली, निष्पक्ष छवि और जनता से सीधे संवाद के लिए जाने जाते हैं। आईपीएस पद पर उनकी पदोन्नति को उनके लंबे अनुभव, उत्कृष्ट सेवा और समर्पित पुलिसिंग का सम्मान माना जा रहा है। पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जनपदवासियों ने उन्हें इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *