पॉक्सो जागरूकता अभियान के द्वितीय चरण में 227 विद्यालयों की सहभागिता, करीब 2.60 लाख विद्यार्थी हुए जागरूक

इटावा, 2 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा के तत्वावधान में पॉक्सो अधिनियम, 2012 के अंतर्गत विशेष जागरूकता अभियान के द्वितीय चरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा, रजत सिंह जैन के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

इस विशेष अभियान में जनपद के 227 विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक के करीब 2 लाख 60 हजार विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, बच्चों के अधिकारों, यौन अपराधों से बचाव, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श तथा आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता प्राप्त करने के संबंध में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत शहर में सेंट मैरी इंटर कॉलेज तथा पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। इसके अतिरिक्त के.के.डी.सी., अर्थात कर्मक्षेत्र महाविद्यालय, में भी प्रभात फेरी का आयोजन कर बाल सुरक्षा और विधिक जागरूकता का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, मंगल पांडे तथा अन्य महापुरुषों की वेशभूषा धारण कर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। बच्चों के अभिनय, उत्साह और आत्मविश्वास ने न्यायिक अधिकारियों एवं उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।

अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर अधिकार मित्रों द्वारा नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। नाटकों के माध्यम से बाल यौन शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने तथा अपराध को छिपाने के बजाय इसकी सूचना अभिभावकों, शिक्षकों, पुलिस एवं संबंधित प्राधिकरण को देने का संदेश दिया गया।

पोस्टर मेकिंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने जनपद स्तरीय कार्यक्रम में सहभागिता की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को माननीय जनपद न्यायाधीश श्री रजत सिंह जैन द्वारा प्रमाणपत्र, मेडल एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश रजत सिंह जैन ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल कानून अथवा किसी एक संस्था का दायित्व नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को ऐसा सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए, जिसमें वे किसी भी अनुचित व्यवहार के विरुद्ध बिना भय के अपनी बात कह सकें। उन्होंने शिक्षकों और विद्यालयों के नोडल अधिकारियों से बच्चों को नियमित रूप से उनके अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम  अखिलेश कुमार, विशेष न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी  संजय कुमार चतुर्थ, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश  आलोक कुमार श्रीवास्तव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आरती द्विवेदी सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने सहभागिता की और विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, नोडल अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। जनता इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज इटावा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज इटावा, राजकीय इंटर कॉलेज उदी तथा चौधरी सुघर सिंह इंटर कॉलेज, जसवंतनगर सहित अनेक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों ने सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यालयों से समन्वय, विद्यार्थियों के आगमन, प्रभात फेरी तथा प्रतियोगिताओं की व्यवस्थाओं में उनका महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस व्यापक कार्यक्रम ने गांधी जयंती के अवसर पर बच्चों की सुरक्षा, जागरूकता और न्याय तक आसान पहुँच का सशक्त संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *