500 वाहनों के काफिले के साथ भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी ने आगरा खंड शिक्षक सीट से किया नामांकन

इटावा । भारतीय जनता पार्टी की ओर से आगरा खंड शिक्षक सदस्य विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी ने शनिवार को आगरा कमिश्नरी पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व रमाना ग्राउंड पर भाजपा की ओर से एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों ने सहभागिता की।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, रामप्रताप जी, क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरन पाल, क्षेत्र प्रभारी गीता शाक्य, मंत्री एसपी सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेबी रानी मौर्य, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह सहित वर्तमान एवं पूर्व विधायक, वर्तमान एवं पूर्व सांसद, महापौर तथा आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 12 जिलों के जिलाध्यक्ष एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

हरि किशोर तिवारी का संबंध इटावा से होने के कारण उनके नामांकन में इटावा से भी बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक आगरा पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, इटावा से करीब 500 वाहनों का काफिला आगरा पहुंचा, जिसमें पार्टी के जिलाध्यक्ष, विधायक, सांसद एवं पूर्व सांसद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।

नामांकन कार्यक्रम में अन्नू गुप्ता भी जिला अध्यक्ष के रूप में पर्यवेक्षक की भूमिका में शामिल हुए। समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच हरि किशोर तिवारी ने आगरा कमिश्नरी में अपना नामांकन दाखिल किया।

नामांकन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पार्टी पदाधिकारियों ने शिक्षक समाज से जुड़े मुद्दों और संगठन की भूमिका को लेकर भी अपने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *