इटावा। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से यश इंटरनेशनल स्कूल, इटावा में 1 जुलाई से 7 जुलाई 2026 तक वन महोत्सव सप्ताह का आयोजन बड़े उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ किया जा रहा है। सप्ताह के प्रत्येक दिन विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न रचनात्मक एवं प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में पौधों का वितरण, पौधारोपण, पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने अपने हाथों में पौधे लेकर “एक छात्र–एक पौधा” अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित बनाने का संदेश दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती श्रद्धा दुबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “प्रकृति का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि प्रत्येक विद्यार्थी एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।” उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि वन महोत्सव सप्ताह के प्रत्येक दिन अलग-अलग गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें पौधारोपण, पौध वितरण, पर्यावरण जागरूकता अभियान, वृक्षों के महत्व पर संवाद, स्लोगन लेखन, पोस्टर निर्माण तथा प्रकृति संरक्षण संबंधी गतिविधियाँ शामिल हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं प्रकृति के प्रति प्रेम की भावना विकसित करना है।
वन महोत्सव सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। सभी छात्र-छात्राओं ने अपने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने एवं अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
