स्थानीय निकायों की समीक्षा बैठक: स्वच्छता, जल निकासी और विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई – डीएम

इटावा, 06 अगस्त 2026। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में स्थानीय निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों द्वारा संचालित विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, नगर सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक शौचालयों के संचालन, राजस्व प्राप्ति और जलभराव की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने स्वच्छ भारत मिशन  की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को शत-प्रतिशत प्रभावी बनाया जाए तथा यूजर चार्ज की नियमित वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि निर्धारित यूजर चार्ज का समय पर ऑनलाइन भुगतान करें, जिससे नगर निकाय बेहतर स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध करा सकें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटरों का नियमित संचालन हो, स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण को बढ़ावा दिया जाए तथा सार्वजनिक शौचालयों में साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था हर समय सुचारु रहे।

डीएम ने कहा कि बाजारों, प्रमुख मार्गों, पार्कों, सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों की नियमित सफाई कराई जाए और कहीं भी कूड़े के ढेर दिखाई न दें। स्वच्छता कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा जनसहभागिता के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए।

वर्षा ऋतु को देखते हुए जिलाधिकारी ने जलभराव वाले क्षेत्रों की तत्काल पहचान कर प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों और नालियों की नियमित सफाई कराई जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर पंपिंग व्यवस्था भी संचालित रखी जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में स्थानीय निकायों से संबंधित जन शिकायतों और आईजीआरएस प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर मौके पर समस्याओं का समाधान करने और प्रत्येक विकास कार्य की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर निकायों की वित्तीय स्थिति, कर वसूली, सार्वजनिक शौचालयों के संचालन, पार्कों के रखरखाव, नगर सौंदर्यीकरण, अतिक्रमण नियंत्रण सहित विभिन्न विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए नगर क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी सन्तोष कुमार मिश्रा, समस्त अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *