इटावा। 28वीं वाहिनी पीएसी, इटावा में सोमवार को 10वीं अंतरवाहिनी पीएसी पश्चिमी जोन मलखंभ प्रतियोगिता–2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 12 से 14 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह में आयोजन सचिव एवं सेनानायक अनिरुद्ध कुमार ने मुख्य अतिथि डीएम तथा विशिष्ट अतिथि एसएसपी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही विभिन्न पीएसी वाहिनियों की टीमों ने मार्च-पास्ट के माध्यम से अतिथियों को सलामी दी और अभिवादन प्रस्तुत किया गया।

समारोह के दौरान सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों ने खेल के प्रति सत्यनिष्ठा, अनुशासन, निष्पक्षता एवं खेल भावना बनाए रखने की शपथ ली। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने फीता काटकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर सहायक सेनानायक दीप शिखा अहिबरन सिंह, शिविरपाल सुभाष चंद्र यादव, सूबेदार सैन्य सहायक नितिन पंवार सहित 28वीं वाहिनी पीएसी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
