अजनौरा में कृभको ने चलाया स्वच्छता अभियान, 85 किसानों ने लिया हिस्सा

इटावा। कृभको इटावा द्वारा अंगीकृत ग्राम समूह के अंतर्गत शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को ग्राम अजनौरा में स्वच्छता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर जिला सहायक अधिकारी, सहकारिता इटावा श्री नवीन कुमार गुप्ता रहे। ग्राम प्रधान मनोज कुमार, कृभको के क्षेत्र प्रतिनिधि राजीव कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर के डॉ. रामबीर सिंह तथा प्रगतिशील कृषक उमाशंकर सहित ग्राम के करीब 85 किसान शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान किसानों के साथ उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। किसानों को कृभको द्वारा संचालित विभिन्न किसान हितकारी कार्यक्रमों एवं कृषक भारती सेवा केंद्रों के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही भारत सरकार की पीएम-प्रणाम (PM-PRANAM) योजना के उद्देश्य और महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित प्रयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के उपाय बताए गए। मिट्टी परीक्षण के आधार पर खाद का प्रयोग करने तथा आवश्यकता के अनुसार नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों के उपयोग पर जोर दिया गया। अत्यधिक यूरिया के प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में जैविक खाद, गोबर की खाद, वर्मी कम्पोस्ट, ग्रीन मैन्योर, कृभको कम्पोस्ट एवं एफओएम खाद के महत्व पर चर्चा की गई। इसके अलावा कृभको के विभिन्न उत्पादों जैसे सिवारिका, जिंक, जैविक पोटाश, तरल जैव खाद, राइजोसुपर एवं कम्पोस्ट खाद के उपयोग और प्रयोग की विधि के बारे में किसानों को जानकारी दी गई।
स्वच्छता अभियान के तहत कार्यक्रम में शामिल महिला एवं पुरुष किसानों को नारियल झाड़ू, फूल झाड़ू तथा डस्टबिन का निःशुल्क वितरण किया गया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से झाड़ू लगाकर अपने आसपास साफ-सफाई रखने का संदेश दिया और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *