तिरंगा रैली ने जगाया राष्ट्रभक्ति का ज्वार, गूंजा भारत माता का जयघोष

इटावा 13 अगस्त, 2026—‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत जनपद में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में जनसहभागिता का उत्साह देखते ही बना। मुख्य अतिथि विधायक सदर सरिता भदौरिया , जिलाध्यक्ष बीजेपी अन्नू गुप्ता, समस्त जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और गर्व के साथ सहभागिता की।
रैली का शुभारंभ शास्त्री चौराहा से हुआ। हाथों में लहराते तिरंगे, देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। रैली नौरंगाबाद चौराहा, नगर पालिका चौराहा होते हुए पटेल चौक/तलैया मैदान ग्राउंड पहुंची, जहां इसका भव्य समापन हुआ।
इस अवसर पर लोगों में देश के प्रति गौरव, सम्मान और समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। तिरंगा रैली ने नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया। रैली में शामिल जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, व्यापारियों एवं आमजन ने पूरे उत्साह के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के माध्यम से जिले में प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देश के प्रति अपने दायित्व का एहसास कराने का संदेश दिया जा रहा है। तिरंगा केवल देश की आन, बान और शान का प्रतीक नहीं, बल्कि यह भारत की एकता, विविधता, स्वतंत्रता और वीर सपूतों के बलिदान की गौरवगाथा का प्रतीक है।
रैली के दौरान उमड़ा जनसैलाब यह संदेश दे रहा था कि राष्ट्र सर्वोपरि है और तिरंगा हर भारतीय के हृदय में बसता है। पूरे आयोजन में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *