नारायन कॉलेज में दीपावली पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

इटावा। नारायन कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स के विशाल ऑडिटोरियम में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें रंगोली मेकिंग, थाली डेकोरेशन, दीया डेकोरेशन सहित अनेक प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भारतीय परंपरा, संस्कृति और सभ्यता के प्रति गर्व का संदेश दिया।

कार्यक्रम में कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों के लिए दीया पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों ने दीया मेकिंग प्रतियोगिता में भाग लिया। इसमें प्रिंस सिंह (कक्षा 3, मार्स), दिव्या (कक्षा 4, मार्स), ब्यूटी यादव (कक्षा 4, मरकरी), अनिकेत (कक्षा 5, मार्स) और काव्य राजपूत (कक्षा 5, वीनस) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

वहीं कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित थाली मेकिंग प्रतियोगिता में प्रियांशी (कक्षा 7, वीनस) एवं याशिका सेंगर (कक्षा 8, मार्स) ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके साथ ही आयोजित इंटर हाउस रंगोली मेकिंग प्रतियोगिता में फेथ हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि दीपावली प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का पर्व है। यह भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता का प्रतीक है। उन्होंने प्रख्यात कवि गोपालदास नीरज की पंक्तियां “जलाओ दिए पर रहे ध्यान इतना, अंधेरा धरा पर कहीं रह न जाए” का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें ज्ञान रूपी प्रकाश से अज्ञानता के अंधकार को दूर करने का प्रयास करना चाहिए। अपने व्यवहार और कार्यों से समाज में व्याप्त बुराइयों को समाप्त कर सकारात्मकता का प्रकाश फैलाना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि दीपावली पर अत्यधिक आवाज करने वाले पटाखों का प्रयोग न करें, जिससे पर्यावरण प्रदूषण से बचा जा सके। उन्होंने भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या आगमन और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रसंग का उल्लेख करते हुए पर्व के सांस्कृतिक महत्व पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र शर्मा एवं प्रबंधन समिति की ओर से समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा सहायक कर्मचारियों को उपहार भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं।

इस आयोजन ने विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना और आपसी सौहार्द की भावना को प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *