सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार

इटावा। उत्तर प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, रेलवे पुलिस, फार्मासिस्ट, भारतीय सेना समेत विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ऑनलाइन लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अन्तर्जनपदीय साइबर ठग को इटावा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र, विभिन्न सरकारी विभागों की मोहरें, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन, अपाचे मोटरसाइकिल तथा 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण, एसपी ग्रामीण श्रीश्चन्द्र के मार्गदर्शन तथा सीओ भरथना रामदवन के नेतृत्व में साइबर सेल इटावा और थाना ऊसराहार पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस के अनुसार ऊसराहार निवासी शिशुपाल सिंह ने NCRP पोर्टल पर अपने साथ हुई साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी द्वारा अन्य कई लोगों के साथ भी सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी किए जाने की जानकारी मिली।

जांच के आधार पर पुलिस ने नवल किशोर पुत्र रामस्वरूप, निवासी नगला विजयी, पोस्ट एवं थाना भरथना को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ इटावा के अलावा कन्नौज जनपद में भी कई मामले दर्ज हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम में साइबर थाना प्रभारी उ0नि0 लोकेश कुमार, हे0कां0 अनुराग मिश्रा, हे0कां0 विजय कुमार, हे0कां0 मनीष कुमार, कां0 बृजेश गोला तथा थाना ऊसराहार प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र कुमार मिश्रा एवं कां0 सत्य प्रकाश शामिल रहे।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *