इटावा। शहर के शिव शक्ति दुर्गा मंदिर, शिवा कॉलोनी में आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के पंचम दिवस पर पूज्य आचार्य महेश चंद्र पाण्डेय जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल एवं दिव्य लीलाओं का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं मानव जीवन को धर्म, प्रेम, करुणा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। कथा का श्रवण कर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।

कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण करने के प्रसंग का वर्णन करते हुए गोवर्धन पूजा का आयोजन भी कराया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की। इस दौरान पूरा कथा पंडाल “गिरिराज महाराज की जय” और “राधे-राधे” के जयघोष से गूंज उठा।

आचार्य महेश चंद्र पाण्डेय जी महाराज ने कहा कि मां की डांट और गुरु का अनुशासन हमेशा प्रेम व कल्याण की भावना से प्रेरित होता है। उन्होंने कहा कि पहले शिष्य गुरु की सीख को सम्मानपूर्वक स्वीकार करता था, लेकिन आज गुरु-शिष्य परंपरा का स्वरूप बदल रहा है। समाज को संस्कार, अनुशासन और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखनी चाहिए।
कथा का आयोजन एडवोकेट अनिल कुमार गौर एवं उनकी पत्नी मंजू गौर (पूर्व अध्यक्ष, जिला बार एसोसिएशन इटावा, प्रदेश उपाध्यक्ष ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन एवं अध्यक्ष जनता इंटर कॉलेज, मीठेपुर) के परीक्षितत्व में किया जा रहा है। यज्ञकर्ता एडवोकेट मनोज कुमार सिंह गौर एवं उनकी पत्नी ममता गौर तथा प्रबंधक जनता इंटर कॉलेज, मीठेपुर हैं।

इस अवसर पर मुख्य रूप से एडवोकेट शिव किशोर दुबे, एडवोकेट राजेश मिश्रा, वरिष्ठ अधिवक्ता अवनीश यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता पी.पी. दोहरे सहित अनेक अधिवक्ता एवं स्थानीय श्रद्धालु कथा में उपस्थित रहे। वहीं सहायक कथा वाचक आचार्य सौरभ पांडे, गौरव पांडे, पैड प्लेयर मोहित पांडे एवं नाल वादक छोटू पांडेय ने संगीतमय प्रस्तुति देकर कथा को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
