नेहा राजपूत ने NEET UG 2026 में हासिल की सफलता, सरकारी मेडिकल कॉलेज मिलने की उम्मीद

इटावा। श्री रघुवर दयाल मेमोरियल (आरडी) इंटर कॉलेज, इटावा की पूर्व छात्रा नेहा राजपूत ने NEET UG 2026 परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और जनपद का नाम रोशन किया है। नेहा ने इस वर्ष 604 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक 8728 हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि के बाद परिवार को उम्मीद है कि उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिलेगा।


छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रबंधक कैलाश बाबू, उप प्रबंधक महेश बाबू, प्रधानाचार्या प्रेम लता, उप प्रधानाचार्य अमन कुशवाहा तथा संचालन सागर सिंह भदौरिया ने नेहा राजपूत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आज विद्यालय एक सम्मान सभा का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें छात्रा नेहा राजपूत को माला पहना कर प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया उन्होंने कहा कि नेहा की सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

नेहा राजपूत, मेहताब सिंह की पुत्री हैं और बुलाकीपुर लुहन्ना, इटावा की निवासी हैं। नेहा ने हाई स्कूल में 90 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 89 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।
नेहा वर्ष 2023 से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। उन्होंने पहली बार NEET UG 2024 में परीक्षा दी, जिसमें 610 अंक प्राप्त हुए। इसके बाद वर्ष 2025 में भी परीक्षा दी, लेकिन पेपर लीक प्रकरण के कारण उन्हें अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सका। उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी। आखिरकार वर्ष 2026 में 604 अंक और ऑल इंडिया रैंक 8728 प्राप्त कर सफलता का नया मुकाम हासिल किया।
नेहा के पिता मेहताब सिंह बेल्डिंग तथा दोना-पत्तल की दुकान का संचालन करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रही है, इसलिए उन्होंने उसकी शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। उन्होंने कहा कि बेटी की सफलता से पूरा परिवार बेहद खुश है।
नेहा की माता आशा देवी, जो आंगनवाड़ी संचालिका हैं, ने बताया कि उन्होंने हमेशा बेटी को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और घर के कामों से दूर रखकर केवल उसकी पढ़ाई पर ध्यान देने का माहौल बनाया। उनका कहना है कि मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग से यह सफलता मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *