भूजल सप्ताह पर चित्रकला प्रतियोगिता व जनजागरूकता कार्यक्रम, विजेता युवाओं को किया सम्मानित

इटावा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग माय भारत, इटावा के तत्वावधान में भूजल सप्ताह के अवसर पर जनपद के विभिन्न विकास खंडों में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस क्रम में जसवंतनगर स्थित जोधा सिंह इंटर कॉलेज में चित्रकला प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजय कुमार गुप्ता, महामंत्री, सिविल बार एसोसिएशन, इटावा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वीरपाल सिंह उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेंद्र कुमार ने की।


चित्रकला प्रतियोगिता का विषय “जल संरक्षण करें संकल्प, इसका नहीं कोई विकल्प” रखा गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक चित्रों के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया। प्रतियोगिता में शीतल ने प्रथम, सलोनी ने द्वितीय तथा संजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा मेडल, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने युवाओं को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए जल बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन माय भारत स्वयंसेवक नीरज एवं ऋषभ ने किया।


वहीं बसरेहर विकास खंड में माय भारत इटावा से संबद्ध युवती मंडल शंकरपुर द्वारा जल संरक्षण विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। युवती वर्ग में अनामिका प्रथम, खुशी द्वितीय तथा दिव्यांशी तृतीय स्थान पर रहीं। युवक वर्ग में इशू, गुलशन एवं प्रांजल ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। युवती मंडल की अध्यक्ष रितिका ने उपस्थित युवाओं को जल संचयन की शपथ दिलाई।


इसी क्रम में चकरनगर विकास खंड में माय भारत स्वयंसेवक अंकित एवं यश के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जल संरक्षण और प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं पर्यावरण बचाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *