अतिवृष्टि से पक्का मकान ढहा, मलबे में दबी तीन बालिकाओं को जिला प्रशासन ने सुरक्षित निकाला

इटावा, 6 अगस्त। जनपद इटावा के विकास खंड महेवा की ग्राम पंचायत अंदावा में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते एक पक्का आवासीय भवन अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से तीन बालिकाएं घायल हो गईं, जिन्हें जिला प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा में भर्ती कराया गया।
घायल बालिकाओं में जयंती कुमारी (10 वर्ष) और कल्पना कुमारी (11 वर्ष), दोनों पुत्री ओंकार सिंह, तथा रोहिती कुमारी (18 वर्ष), पुत्री संतकुमार शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।


घटना की सूचना मिलते ही अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के निर्देशन में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष सक्रिय हो गया। उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, राजस्व टीम और अन्य अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। आपदा विशेषज्ञ, महेवा ने स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर तीनों बालिकाओं को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला।
जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रभावित परिवार को शासन के नियमानुसार राहत सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही राजस्व विभाग को भवन क्षति का सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान जर्जर या क्षतिग्रस्त भवनों में रहने से बचें तथा किसी भी आपदा या दुर्घटना की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष या स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *