इटावा। आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य पद के प्रत्याशी डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ शनिवार को इटावा पहुंचे। शहर के रतन नगर स्थित सत्यम शिवम सुंदरम उत्सव गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षाविद् एवं अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। इस दौरान समर्थकों ने डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने कहा कि वह क्षेत्रीय संगठनों का नेतृत्व कर रहे हैं और अपने राजनीतिक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 12 जनपदों का लगातार भ्रमण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों एवं संगठन से जुड़े लोगों की समस्याओं की अपेक्षित सुनवाई नहीं हो रही है। शिक्षा के क्षेत्र में भी अपेक्षित ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में इस पद पर रहे लोगों ने शिक्षकों के हितों के लिए वह कार्य नहीं किया, जिसकी उनसे अपेक्षा थी। उनका कहना था कि जो व्यक्ति जनता के हितों के लिए आगे रहकर उनकी समस्याओं को सुनता और उनके समाधान के लिए प्रयास करता है, उसे निश्चित रूप से जनता का समर्थन और सफलता मिलती है।

डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने बताया कि उनके संकल्प पत्र में प्रत्येक ब्लॉक एवं जिले में लाइब्रेरी स्थापित करने का मुद्दा प्रमुखता से शामिल किया गया है। इन पुस्तकालयों में उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि वह शिक्षा का विकास, स्वास्थ्य की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, जन-जन का उत्थान, महिलाओं का सम्मान और पारदर्शी शासन जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं तथा लोगों से समर्थन और सहयोग की अपील कर रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी शिक्षा और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रत्याशी के साथ विचार-विमर्श किया।
इस कार्यक्रम के दौरान सौरभ श्रीवास्तव प्रभारी,राजेश सक्सेना,संत सिंह चौहान,मोहम्मद शाहनवाज,सौरभ कुलश्रेष्ठ,बीनू चौहान,सुधीर श्रीवास्तव,विकास श्रीवास्तव,सागर भटनागर,मयंक चौधरी,लकी कुशवाहा,सूरज शर्मा,आदि उपस्थित रहे।
