इटावा। ब्रह्म मध्य गौड़ीय संप्रदाय (श्री श्री गौर निताई परिवार) के तत्वावधान में पक्का तालाब परिसर में 5 दिवसीय भव्य झूलन उत्सव, रविवार साप्ताहिक सत्संग एवं दिव्य हरिनाम संकीर्तन की अत्यंत उत्साह और भक्तिभाव के साथ शुरुआत हुई। श्रावण मास के इस पावन पर्व पर आयोजित 5 दिवसीय महोत्सव के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
त्रिदंडी स्वामी ॐ विष्णु पाद श्री श्रीमद् भक्ति गौरव केशव गोस्वामी जी महाराज (हरे कृष्णमिशन चैरितेबल ट्रस्ट) एवं तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी महाराज के आशीर्वाद व प्रेरणा से आयोजित इस उत्सव का संयोजन सनातन धर्म प्रचारक पं. मनु पुत्र दास द्वारा किया जा रहा है।
पुष्प बंगला और मोरपंख के झूले में विराजे प्रभु
उत्सव के प्रथम दिन श्री राधा-कृष्ण व श्री गौर-निताई के विग्रहों का भव्य श्रृंगार कर उन्हें ताजे फूलों और मोरपंख से सजे नयनाभिराम झूले में विराजमान कराया गया। उपस्थित भक्तों ने एक-एक कर प्रभु को झूला झुलाया और पुण्य लाभ कमाया।

भक्तिमय हुआ माहौल, देर रात तक गुंजायमान रहा हरिनाम
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7:00 बजे भव्य संध्या आरती के साथ हुई। इसके पश्चात रात्रि 8:00 बजे से आयोजित दिव्य हरिनाम संकीर्तन में ढोलक और मंजीरों की थाप पर श्रद्धालु झूमते और तालियां बजाते नजर आए। पूरा पंडाल “हरे कृष्णा-हरे राम” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। रात्रि 9:00 बजे आरती के उपरांत सभी उपस्थित धर्मप्रेमी बंधुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
5 दिनों तक चलेंगे विविध धार्मिक कार्यक्रम
सनातन धर्म प्रचारक पं. मनु पुत्र दास ने बताया कि यह झूलन उत्सव आगामी 5 दिनों तक निरंतर चलेगा। प्रतिदिन शाम को विशेष आरती, हरिनाम संकीर्तन और प्रभु का भव्य झूलन दर्शन होगा। उन्होंने समस्त नगरवासियों व धर्मप्रेमी बंधुओं से इस 5 दिवसीय उत्सव में सपरिवार सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करे ।
