भरथना। जयोत्री अकादमी में हिंदी दिवस एवं गणेश चतुर्थी के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। दिन का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री योगेंद्र नाथ मिश्रा द्वारा गणेश प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर एवं अखंड दीप प्रज्वलित कर गणपति पूजन के साथ हुआ। प्रधानाचार्य ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा, “हमारी संस्कृति और हमारी भाषा हमारी पहचान हैं। गणेश चतुर्थी हमें शुभारंभ और सकारात्मकता का संदेश देती है, वहीं हिंदी हमें अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ती है।” इस अवसर पर नन्हें बच्चे पीतांबर धारण कर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते नजर आए।

राष्ट्रीय हिंदी दिवस कार्यक्रमों की श्रृंखला में कक्षा एक से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए अंतर्सदनीय हिंदी कथा वाचन प्रतियोगिता आयोजित हुई। बच्चों की रोचक कहानी कहने की शैली को श्रोताओं ने तालियों से सराहा। गांधी हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा चार की अंशी ने ‘जादुई पेंसिल’ और कक्षा पांचवीं की हर्षिता ने ‘किसान की मेहनत’ कहानी सुनाकर अपने सदन को विजेता बनाया। आज़ाद हाउस द्वितीय तथा बोस हाउस तृतीय रहा।
कक्षा छह से आठवीं तक आयोजित काव्य अनुवाचन प्रतियोगिता में कक्षा छह की अनिका और कक्षा आठवीं की अर्तिका के शानदार काव्यपाठ से बोस हाउस ने प्रथम स्थान हासिल किया। गांधी हाउस द्वितीय और आज़ाद हाउस तृतीय रहा।
सीनियर वर्ग की वाद-विवाद प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में खासा उत्साह भर दिया। लंबे और रोचक मुकाबले में बोस हाउस की कक्षा ग्यारहवीं की कशिश एवं आरुषि ने गांधी हाउस की कक्षा दसवीं की अंशिका एवं कक्षा बारहवीं की आर्या को मात्र आधे अंक से पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पटेल हाउस तृतीय रहा।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के निदेशक डॉ. नितिन पोरवाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “हिंदी केवल हमारी भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और पहचान की अभिव्यक्ति है। प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ आत्मविश्वास से अपनी बात रखने का अवसर देती हैं; निरंतर प्रयास ही सफलता की सबसे मजबूत सीढ़ी है।”
सीनियर कॉर्डिनेटर निशी पाण्डेय की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिताओं का शानदार संचालन कक्षा बारहवीं की आर्या एवं कक्षा ग्यारहवीं के ओम यादव ने संयुक्त रूप से किया। अंकित एवं आशीष दीक्षित ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रगति यादव, यूसुफ आदि स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने हिंदी दिवस और गणेश चतुर्थी के इस आयोजन को यादगार बना दिया।
