जैव विविधता एवं प्रकृति दिवस पर 66 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा

इटावा। इटावा सफारी पार्क में चल रहे वन्य प्राणी सप्ताह-2026 के छठवें दिन बुधवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन ‘जैव विविधता एवं प्रकृति दिवस’ के रूप में किया गया। इस अवसर पर प्राकृतिक आकृति पहचान प्रतियोगिता एवं जैव-विविधता प्रतियोगिता आयोजित की गईं।

प्राकृतिक आकृति पहचान प्रतियोगिता सब-जूनियर वर्ग, जबकि जैव-विविधता प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर वर्ग में आयोजित हुई। प्रतियोगिताओं में कुल 66 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों के साथ आए अन्य छात्र-छात्राओं को भी सफारी का भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें वन्यजीवों एवं प्राकृतिक पर्यावरण को करीब से समझने का अवसर मिला।

इटावा सफारी पार्क की अनूठी पहल ‘अनुभूति कार्यक्रम’ के अंतर्गत पूर्व में सफारी भ्रमण कर चुके परिषदीय विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी दोबारा सफारी भ्रमण का अवसर प्रदान किया गया। भ्रमण के बाद विद्यार्थियों ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष की धर्मपत्नी एवं समाजसेविका श्रीमती सुनैना चौधरी तथा लखनऊ से आईं अन्य समाजसेविकाओं के साथ वन्यजीव संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

इस दौरान विद्यार्थियों ने समाजसेविकाओं का स्वागत किया और उनसे संवाद भी किया। बच्चों के उत्साह और वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी जिज्ञासा से समाजसेविकाएं काफी प्रभावित हुईं। उन्होंने इटावा सफारी प्रशासन की ओर से नियमित रूप से संचालित किए जा रहे ‘अनुभूति कार्यक्रम’ की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों को प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल बताया।

कल होगा वन्य प्राणी सप्ताह का समापन

वन्य प्राणी सप्ताह-2026 का समापन समारोह 08 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में श्री नीरज कुमार, आई.एफ.एस., सदस्य सचिव, राज्य प्राणी उद्यान प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *