18 नवंबर को तालकटोरा स्टेडियम में होगा रेजांगला शौर्य एवं यदुकुल सम्मान दिवस, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव होंगे मुख्य अतिथि

सैफई (इटावा): रेजांगला युद्ध के 114 वीर अहीर सैनिकों के बलिदान को नमन करने और समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए 18 नवंबर को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में रेजांगला शौर्य एवं यदुकुल सम्मान दिवस आयोजित किया जाएगा। दिल्ली सरकार के पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं श्री कृष्ण यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सैफई, इटावा, मैनपुरी सहित आसपास के जनपदों के लोगों से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है।

जगदीश यादव ने कहा कि वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला की धरती पर मातृभूमि की रक्षा करते हुए 114 वीर अहीर सैनिकों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके शौर्य, पराक्रम और देशभक्ति को नमन करने के साथ नई पीढ़ी को उनके बलिदान से परिचित कराना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। जो लोग लेह-लद्दाख स्थित रेजांगला युद्धस्थल तक पहुंचकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित नहीं कर पाते, उनके लिए दिल्ली में इस ऐतिहासिक वीरभूमि की प्रतीकात्मक झलक प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि देने का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।


आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन सुबह 10 बजे शुरू होगा। दोपहर दो बजे भोजन की व्यवस्था रहेगी और प्रवेश निशुल्क होगा।
जगदीश यादव ने बताया कि यदुकुल सम्मान समारोह में शिक्षा, समाज सेवा, खेल, योग, व्यवसाय, शिक्षण, कला, यदुकुल इतिहास, पर्यावरण, कृषि एवं गोसेवा, सैनिक कल्याण, संगीत, मीडिया, चिकित्सा और विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुरुषों एवं महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान के लिए योग्य प्रतिभाओं के नाम और उनकी उपलब्धियों का विवरण व्हाट्सएप नंबर 9217582727 पर भेजा जा सकता है।


उन्होंने बताया कि श्री कृष्ण यादव महासभा आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों को निशुल्क आईएएस एवं आईपीएस कोचिंग और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की पहल भी कर रही है। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं को आर्थिक अभाव के बावजूद प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी का अवसर देना है।
उन्होंने सैफई, इटावा, मैनपुरी, एटा, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद सहित आसपास के सभी जनपदों के लोगों से दिल्ली पहुंचकर आयोजन में सहभागिता करने और रेजांगला के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *