यातायात नियमों के प्रति जागरूकता ही सड़क दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे बड़ा उपाय : एसपी सिटी बबीता सिंह

पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बच्चों ने आकर्षक स्लोगन और पेंटिंग से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

इटावा। यातायात माह के तहत मानिकपुर मोड़ स्थित पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसपी सिटी बबीता सिंह रहीं। विद्यालय पहुंचने पर अध्यक्ष डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

विद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एसपी सिटी बबीता सिंह ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का महत्व समझाते हुए कहा कि यातायात के नियम चालान करने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की अनमोल जिंदगी बचाने के लिए बनाए गए हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करे तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। उन्होंने नई उम्र के युवाओं को विशेष रूप से संदेश देते हुए कहा कि अपनी गाड़ियों के फीचर्स का सदुपयोग करें, दुरुपयोग नहीं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का हमेशा प्रयोग करें।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले नेक व्यक्तियों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि देने की व्यवस्था है। राह-वीर योजना के माध्यम से लोगों को घायलों की मदद के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर आधारित आकर्षक पेंटिंग और साइन बोर्ड तैयार किए। मुख्य अतिथि ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा बच्चों द्वारा लिखे गए स्लोगन की सराहना की। एसपी सिटी ने कहा कि बच्चों की ओर से तैयार किए गए इन प्रेरक स्लोगन को यातायात जागरूकता अभियान से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि जिस रुचि और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया है, वह प्रशंसनीय है।

जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट के संबंध में एसपी सिटी बबीता सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा कई दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित किया गया है। संबंधित विभागों के साथ समय-समय पर बैठक कर सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर सुधार हो चुका है, जबकि अन्य स्थानों पर कार्य जारी है। जिलाधिकारी द्वारा भी इन कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है और शेष समस्याओं को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में यातायात प्रभारी संजय सिंह ने भी बच्चों को विभिन्न यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उनका पालन करने के लिए प्रेरित किया। यातायात उपनिरीक्षक सूबेदार सिंह ने सरल शब्दों में सड़क सुरक्षा के नियम समझाए और बताया कि सुरक्षित सफर के लिए इनका पालन करना क्यों जरूरी है।

विद्यालय प्रबंधक डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सावधानी और जागरूकता ही सुरक्षित यात्रा का आधार है। उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही यातायात नियमों की जानकारी देना भविष्य में सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में उपस्थित शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *