इटावा। जनपद के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के जुगरामऊ स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में ग्राहक सेवा केंद्र के डिस्ट्रिक मैनेजर विनेश कुमार शाक्य की मौत हो गई। दो माह पूर्व एक सड़क दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हुए थे। 30 वर्षीय विनेश वैदपुरा थाना के ग्राम हजरतपुर के रहने वाले थे। दुर्घटना उस समय हुई जब वे बैंक से घर लौट रहे थे। शाम 6 बजे उनके गांव के पास एक शराबी बाइक सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घायल विनेश को पहले आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उन्हें नोएडा ले गए। दो माह के उपचार के बाद शुक्रवार सुबह 5 बजे उनका निधन हो गया। वैदपुरा पुलिस ने शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के भाई के अनुसार, विनेश चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। तीन वर्ष पूर्व उनकी शादी हुई थी। उनके पीछे पत्नी तमन्ना और एक साल का बेटा है।
सेंट्रल बैंक मैनेजर की सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान हुई मौत
