(प्रेम कुमार शाक्य)
जसवंतनगर/इटावा भाजपा के मण्डल द्वितीय में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला महामंत्री प्रशांत राव चौबे और विशिष्ट अतिथि जिला अभियान संयोजक व क्षेत्रीय महामंत्री किसान मोर्चा विकास भदौरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों ने युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज का समय युवाओं के लिए सुनहरा अवसरों से भरा हुआ है और कौशल, डिजिटल नवाचार तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर युवा स्वयं को आर्थिक रूप से सशक्त बना सकते हैं।
अतिथियों ने कहा कि स्टार्ट-अप, कृषि आधारित उद्यम, डिजिटल सेवाएँ, स्वरोजगार और स्थानीय स्तर पर छोटे उद्योग आज युवाओं के लिए बड़े अवसर लेकर आए हैं। सही मार्गदर्शन और संकल्प के साथ युवा न केवल अपना भविष्य बदल सकते हैं बल्कि समाज और राष्ट्र को भी नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच और मेहनत को जीवन का मंत्र बनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष अजय यादव बिन्दू ने की। उन्होंने कहा कि मण्डल का हर युवा संगठन की शक्ति है और आत्मनिर्भर भारत अभियान को घर-घर तक पहुँचाने में उनकी भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने आगामी दिनों में मण्डल स्तर पर युवाओं के लिए कौशल विकास शिविर, डिजिटल शिक्षा अभियान, रोजगार मार्गदर्शन सत्र और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी। पूरे कार्यक्रम में युवाओं में जोश और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली।
युवा सम्मेलन में मण्डल कार्यक्रम संयोजक एवं जिला मंत्री युवा मोर्चा श्रेयस मिश्रा, अभिषेक शुक्ला, विवेक गुप्ता, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष अभिषेक प्रजापति, सुदीप प्रजापति, हेमंत धाकरे, नीलेश यादव सहित सैकड़ों युवा उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।
