अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के साथ विदा हुए विघ्नहर्ता,नम आंखों से हुआ विसर्जन

इटावा।श्री बिहारी जी धाम आवासीय परिसर में वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र भसीन के आवास पर ‘गणपति बप्पा मोरया,मंगल मूर्ति मोरया’ और ‘अगले बरस तुम जल्दी आना’ के गगनभेदी जयकारों व शंख ध्वनि के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से विघ्नहर्ता को विदाई दी।

संयुक्त प्रेस क्लब इटावा के अध्यक्ष राजेन्द्र भसीन के आवास पर विसर्जन कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा,उल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया।वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच राजेन्द्र भसीन,अंजू भसीन,भव्या भसीन एवं स्वदेश भसीन ने श्री बिहारी जी धाम परिवार सहित विघ्नहर्ता की पूजा-अर्चना की।पूजन अनुष्ठान के उपरांत विधि-विधान से प्रतिमा का विसर्जन कर आरती की गई।भगवान गजानन को उनके प्रिय मोदक और लड्डुओं का नैवेद्य अर्पित कर परिवार, समाज एवं जनपदवासियों के कल्याण की प्रार्थना की गई।

इस पावन अवसर पर श्री बिहारी जी धाम परिवार के सदस्यों व इष्ट-मित्रों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर बप्पा का आशीर्वाद लिया,और सुख-समृद्धि की कामना की।उल्लेखनीय है कि पूरे गणेशोत्सव के दौरान श्री बिहारी जी धाम परिसर में प्रतिदिन सुबह-शाम पूजा- अर्चना,आरती और प्रसाद वितरण का दौर चलता रहा,जिससे समूचा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *