इटावा। नगर के ऐतिहासिक नुमाइश पंडाल में शनिवार, 19 सितंबर 2026 को ‘श्री राधाष्टमी महामहोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन श्री श्री गौर निताई परिवार (ब्रह्म मध्व गौड़ीय सम्प्रदाय) के तत्वावधान में किया जा रहा है। महोत्सव में प्रसिद्ध सनातन धर्म प्रचारक पं. मनुपुत्र दास जी का विशेष सानिध्य रहेगा।
आयोजक समिति की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई। इस दौरान बीकानेर एक्सप्रेस के मालिक अरविंद पोरवाल, जितेंद्र गौड़, विनोद पाल, अनिल त्रिपाठी प्रभु जी, देवेंद्र सक्सेना सहित श्री श्री गौर निताई परिवार के भक्तगण मौजूद रहे।

समिति के सदस्यों ने बताया कि श्री राधाष्टमी महामहोत्सव में भक्ति, संगीत, संकीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का विशेष संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सायं 4 बजे भव्य हरिनाम संकीर्तन से होगा। प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों द्वारा राधा-कृष्ण के सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
महोत्सव के दौरान शंखध्वनि एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री राधा रानी जी का महाअभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही सनातन संस्कृति एवं श्री राधा-कृष्ण की लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
श्रद्धालुओं के लिए श्री राधा रानी जी को समर्पित छप्पन भोग के दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। श्री राधा जी के प्राकट्य उत्सव के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं को बधाई एवं प्रसाद वितरित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, रात्रि 8 बजे से विशाल महाप्रसाद (भंडारे) का आयोजन होगा, जिसमें महोत्सव में आने वाले भक्तों एवं श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
आयोजक पं. मनुपुत्र दास जी एवं श्री श्री गौर निताई परिवार ने इटावा तथा आसपास के धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार महोत्सव में पहुंचकर श्री राधा रानी जी के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
